नगर निगम गुरुग्राम ने शहरवासियों के लिए पानी की नई शुल्क दरें लागू कर दी हैं। नई दरों के अनुसार वर्ष 2027 तक हर साल करीब 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। ये नई दरें 1 अप्रैल से लागू हो चुकी हैं और रिहायशी, ग्रुप हाउसिंग सोसायटी, संस्थागत, औद्योगिक और वाणिज्यिक श्रेणियों पर प्रभावी रहेंगी।

नगर निगम का कहना है कि जल संरक्षण को बढ़ावा देने और जलापूर्ति व्यवस्था को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। साथ ही लोगों से पानी का सीमित उपयोग करने और समय पर बिल जमा कराने की अपील भी की गई है।
रिहायशी उपभोक्ताओं के लिए क्या हैं नई दरें
नगर निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पहले 10 किलोलीटर पानी तक 3.04 रुपये प्रति किलोलीटर शुल्क तय किया गया है। 10 से 20 किलोलीटर तक 6.08 रुपये, 20 से 30 किलोलीटर तक 9.72 रुपये और 30 किलोलीटर से ज्यादा उपयोग पर 12.16 रुपये प्रति किलोलीटर शुल्क देना होगा।
वर्ष 2027 में इन दरों में फिर बढ़ोतरी होगी। तब पहले 10 किलोलीटर तक 3.19 रुपये, 10 से 20 किलोलीटर तक 6.38 रुपये, 20 से 30 किलोलीटर तक 10.21 रुपये और 30 किलोलीटर से अधिक उपयोग पर 12.76 रुपये प्रति किलोलीटर शुल्क लागू होगा।
सोसायटी, इंडस्ट्री और कमर्शियल उपभोक्ताओं पर भी असर
ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के लिए वर्ष 2026 में पहले 20 किलोलीटर तक 6.08 रुपये और उससे अधिक उपयोग पर 12.16 रुपये प्रति किलोलीटर शुल्क तय किया गया है। वर्ष 2027 में यह बढ़कर क्रमशः 6.38 रुपये और 12.76 रुपये हो जाएगा।
संस्थागत श्रेणी में वर्ष 2026 के लिए 12.16 रुपये और वर्ष 2027 के लिए 12.76 रुपये प्रति किलोलीटर दर तय की गई है।
वहीं औद्योगिक और कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए वर्ष 2026 में 18.23 रुपये प्रति किलोलीटर और वर्ष 2027 में 19.14 रुपये प्रति किलोलीटर शुल्क लागू रहेगा।
डिस्कनेक्शन और लेट फीस भी तय
नगर निगम गुरुग्राम के अनुसार डिस्कनेक्शन और री-कनेक्शन फीस 1000 रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा 15 एमएम मीटर टेस्टिंग फीस 50 रुपये होगी। बिल समय पर जमा नहीं करने पर कुल बिल का 10 प्रतिशत लेट फीस के रूप में देना होगा।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि नई शुल्क व्यवस्था से जलापूर्ति सेवाओं के रखरखाव और संचालन को और मजबूत किया जाएगा।
अधिकृत प्लंबर बनने का मौका
नगर निगम गुरुग्राम ने अधिकृत प्लंबर के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन भी आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार कार्यकारी अभियंता (मुख्यालय) कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
निगम के अनुसार आवेदक के पास प्लम्बिंग ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमा होना चाहिए या किसी अच्छे संस्थान में कम से कम पांच साल का अनुभव जरूरी है। अधिकृत प्लंबर जल कनेक्शन, डिस्कनेक्शन और अन्य संबंधित कार्यों में भाग ले सकेंगे।
