गुरुग्राम के सेक्टर-86 स्थित पॉश सोसाइटी माइक्रोटेक ग्रीनबर्ग में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां 24 घंटे के लिए रखी गई एक मेड ने महज एक दिन में घर की पूरी रेकी की और मौका मिलते ही लाखों रुपए के सोने के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो गई। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है।

पीड़ित अभिषेक शर्मा होटल कारोबारी हैं और उनकी होटल्स चेन बताई जा रही है। उनकी पत्नी एक मल्टीनेशनल कंपनी में एचआर विभाग में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। परिवार में दो बच्चे और बुजुर्ग पिता भी रहते हैं।
एक दिन काम किया, दूसरे दिन गायब
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक शर्मा ने घरेलू कामकाज और घर की देखभाल के लिए ‘कोमल देवी’ नाम की महिला को फुल-टाइम मेड के रूप में रखा था। आरोपी महिला उत्तर प्रदेश के वाराणसी के भीमनगर इलाके की रहने वाली बताई जा रही है।
पहले दिन महिला ने सामान्य तरीके से काम किया और परिवार का भरोसा जीत लिया। लेकिन अगले ही दिन सुबह उसने अचानक काम छोड़ने की बात कही और जल्दी में सोसाइटी से निकल गई।

घर की अलमारी देख परिवार के उड़ गए होश
मेड के जाने के कुछ समय बाद जब परिवार ने घर की अलमारी चेक की तो वहां रखे लाखों रुपए के सोने के आभूषण और कैश गायब मिले। परिवार का आरोप है कि महिला ने एक ही दिन में पूरे घर की रेकी कर ली थी और सही मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आधार कार्ड बना पुलिस के लिए बड़ा सुराग
गनीमत यह रही कि परिवार के पास आरोपी महिला के आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज मौजूद थे। शिकायत के साथ ये सभी दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस ने सोसाइटी के एंट्री गेट और लिफ्ट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात के बाद वाराणसी फरार हो गई।
पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। तकनीकी और CCTV जांच के आधार पर जल्द ही महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद गुरुग्राम की हाई-प्रोफाइल सोसाइटियों में बिना पुलिस वेरिफिकेशन के घरेलू सहायकों को रखने को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
