गुरुग्राम : मंदिर में घुसे बेखौफ चोर, दानपात्र तोड़कर हजारों रुपए लेकर फरार

गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में अब मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। सेक्टर-78 स्थित शिकोहपुर गांव के एक मंदिर में देर रात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर का दानपात्र तोड़कर करीब 60 से 70 हजार रुपए चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह जब मंदिर के सेवादार और प्रबंधन समिति के सदस्य मंदिर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दानपात्र टूटा पड़ा था और मंदिर परिसर में सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं चोरी की इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में भी भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी बेखौफ अंदाज में मंदिर के अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार चोरों ने किसी कटर या भारी औजार की मदद से दानपात्र को तोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली। डॉग स्क्वायड ने आसपास के इलाकों में सुराग तलाशने की कोशिश की, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More From Author

हीरो होंडा चौक पर अटका काम, गुरुग्राम मेट्रो की रफ्तार पर लगा ब्रेक

SpiceJet पर GST विभाग का बड़ा एक्शन, 124 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *