गुरुग्राम घर में काम करने के दौरान भरोसे का गलत फायदा उठाकर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच सोहना ने कार्रवाई करते हुए एक कारपेंटर को गिरफ्तार किया है, जिसने घर से नकदी और आभूषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपी को यमुनानगर से गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से लगभग 4.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक चेक बुक बरामद की है।
मामला थाना भौंडसी क्षेत्र का है, जहां धुनेला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके घर पर अहमद नाम का व्यक्ति कारपेंटर का काम कर रहा था।
10 जून को जब परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे, उसी दौरान आरोपी काम करने के बाद वहां से चला गया। कुछ दिनों बाद 14 जून को जब घर की जांच की गई तो घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान गायब मिला।
शक होने पर पीड़ित ने आरोपी कारपेंटर अहमद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सोहना की टीम ने 18 जून को आरोपी अहमद जान (25 वर्ष) को यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से नूंह जिले के बलाई गांव का रहने वाला है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेशे से कारपेंटर है और शिकायतकर्ता के घर पर काम के दौरान ही उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह यमुनानगर चला गया और वहीं काम करने लगा, ताकि उस पर शक न हो।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
