रातभर 4 साल की बच्ची को ढूंढता रहा परिवार, सुबह खुले सीवर में मिला मासूम का शव

गुरुग्राम में सोमवार रात एक 4 साल की बच्ची अचानक घर के पास से गायब हो गई। परिवार ने आसपास तलाश शुरू की लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं मिला। रातभर तलाश चलती रही। परिवार को अंदेशा था कि बच्ची के साथ कुछ अनहोनी हो सकती है।

सुबह तक तलाश उस जगह पहुंची, जहां किसी ने जाने की कल्पना भी नहीं की थी। बच्ची एक खुले सीवर चैंबर के अंदर मिली। मामला गांधी कॉलोनी के पास बसंतगढ़ गांव का है। मृत बच्ची की पहचान दीपांशी के रूप में हुई है। वह LKG में पढ़ती थी।

रात करीब 8 बजे अचानक गायब हुई बच्ची
जानकारी के मुताबिक, दीपांशी सोमवार रात करीब 8 बजे घर के पास थी। इसके बाद वह अचानक गायब हो गई। काफी देर तक जब बच्ची वापस नहीं आई तो परिवार ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार और स्थानीय लोग रातभर बच्ची को ढूंढते रहे। इसी दौरान परिवार को शक हुआ कि कहीं बच्ची इलाके में खुले पड़े किसी सीवर चैंबर में तो नहीं गिर गई। जब सीवर चैंबरों की जांच की गई तो परिवार का शक सही निकला।

खुले सीवर में मिली दीपांशी
दीपांशी एक खुले सीवर चैंबर के अंदर मिली। सीवर में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। परिवार के लोग तुरंत उसे जिला सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बच्ची के शव को जिला सिविल अस्पताल भेजकर जरूरी कानूनी कार्रवाई की गई।

हादसे के बाद लोगों में गुस्सा
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का आरोप है कि इलाके में कई सीवर चैंबर बिना ढक्कन के पड़े हैं और इसकी शिकायत अधिकारियों से भी की जा चुकी है। लोगों का कहना है कि खुले सीवर चैंबर सड़क से गुजरने वाले बच्चों और पैदल लोगों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों और सीवर का काम कर रहे ठेकेदार पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्ची की मौत के मामले में BNSS की धारा 194 के तहत इंक्वायरी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

More From Author

जाम में फंसे तो सड़क खुद बताएगी दूसरा रास्ता! गुरुग्राम की 6 सड़कों पर बड़ा प्लान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *