गुरुग्राम में अगर आप रोजाना इन प्रमुख सड़कों से गुजरते हैं, तो आने वाले समय में आपको ट्रैफिक की जानकारी पहले ही मिल सकती है।जाम कहां लगा है, किस रास्ते पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और आगे कोई परेशानी है या नहीं, इन सबकी जानकारी सड़क पर लगे डिजिटल बोर्ड से मिल सकेगी।
दरअसल, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) साइबर सिटी की छह प्रमुख सड़कों को Smart Model Road के तौर पर विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इस प्रोजेक्ट में ट्रैफिक मैनेजमेंट को डिजिटल सिस्टम से जोड़ा जाएगा।
किन 6 सड़कों को बनाया जाएगा Smart Model Road?
GMDA के प्लान के पहले चरण में शहर की इन छह प्रमुख सड़कों को शामिल किया गया है
* MG Road – IFFCO Chowk से Golf Course Road तक
* Hamilton Court Road
* Vyapar Kendra Road
* Atul Kataria Chowk से Signature Tower तक
* Rajiv Chowk से Bakhtawar Chowk यानी Medanta Road तक
* Hero Honda Chowk से Sector-29 तक
इन मार्गों पर अलग-अलग स्मार्ट सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिन्हें एक ही निगरानी सिस्टम से जोड़ा जाएगा।

जाम लगा तो डिजिटल बोर्ड बताएगा दूसरा रास्ता
इस प्रोजेक्ट की सबसे अहम सुविधाओं में Variable Message Signboard (VMS) शामिल हैं। इन डिजिटल बोर्ड पर जरूरत के हिसाब से जानकारी बदली जा सकेगी।
अगर किसी सड़क पर जाम है या ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है, तो इसकी जानकारी वाहन चालकों को बोर्ड के जरिए दी जा सकेगी। इसके साथ ही दूसरे रास्ते भी दिखाए जा सकेंगे। खराब मौसम, सड़क पर किसी रुकावट या किसी दूसरी इमरजेंसी की स्थिति में भी लोगों को रियल टाइम अपडेट देने की व्यवस्था होगी।
इमरजेंसी में बटन दबाकर ले सकेंगे मदद
स्मार्ट रोड पर Emergency Call Point (ECP) भी लगाए जाएंगे। किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में व्यक्ति इनका इस्तेमाल कर सीधे पुलिस कंट्रोल रूम या Integrated Command and Control Centre (ICCC) से संपर्क कर सकेगा। इन इमरजेंसी पॉइंट की पहचान रात में भी आसानी से हो सके, इसके लिए फ्लैशिंग रेड लाइट और रिफ्लेक्टिव साइन लगाए जाने की योजना है। यानी इमरजेंसी में मदद मांगने के लिए सिर्फ मोबाइल फोन पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।
चौराहों और बाजारों में सीधे पहुंचाया जाएगा अनाउंसमेंट
प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर Public Announcement System (PAS) भी लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ICCC से किसी एक जगह या एक साथ कई जगहों पर अनाउंसमेंट किया जा सकेगा। ट्रैफिक, सुरक्षा या किसी आपात स्थिति से जुड़ी जरूरी जानकारी लोगों तक तेजी से पहुंचाने में इसका इस्तेमाल किया जाएगा।
CCTV और Optical Fiber Network से जुड़ेगा पूरा सिस्टम
स्मार्ट मॉडल रोड पर लगाए जाने वाले इन सिस्टम को GMDA के Optical Fiber Network और CCTV निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। पूरे सिस्टम की निगरानी ICCC से 24 घंटे की जाएगी। इससे ट्रैफिक और दूसरी जरूरी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने में मदद मिलेगी।
GMDA अधिकारियों के मुताबिक, टेंडर आवंटित होने के बाद Smart Model Road Project को करीब चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद इन छह प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट, रियल टाइम सूचना और इमरजेंसी सहायता के लिए एक इंटीग्रेटेड स्मार्ट सिस्टम तैयार हो सकेगा।
अब देखने वाली बात यह होगी कि गुरुग्राम की इन छह व्यस्त सड़कों पर स्मार्ट टेक्नोलॉजी आने के बाद रोजाना सफर करने वाले लोगों को इसका कितना फायदा मिलता है।
