गुरुग्राम में फिर गरजा बुलडोजर, सरस्वती कुंज की 670 झुग्गियां मलबे में तब्दील

गुरुग्राम में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का सख्त अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-53 की सरस्वती कुंज कॉलोनी में दूसरे दिन भी बुलडोजर चला और देखते ही देखते 670 से ज्यादा झुग्गियां मलबे में बदल गईं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया।

पांच घंटे तक चला तोड़फोड़ अभियान
सुबह करीब 11 बजे नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (DTPE) की टीम सरस्वती कुंज कॉलोनी पहुंची। कार्रवाई से पहले लोगों को अपना सामान निकालने के लिए करीब एक घंटे का समय दिया गया। प्रशासन का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से लगातार मुनादी कर झुग्गियां खाली करने की चेतावनी दी जा रही थी।

इसके बाद डीटीपीई अमित मधोलिया के निर्देश पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई, जो करीब पांच घंटे तक चली। अधिकारियों के मुताबिक लगभग सवा चार एकड़ जमीन पर अवैध रूप से बनी 670 झुग्गियों को ध्वस्त किया गया।

एक दिन पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
सोमवार को भी प्रशासन ने इसी इलाके में करीब 200 से अधिक झुग्गियों को तोड़ा था। खाटू श्याम मंदिर के पास करीब ढाई एकड़ जमीन पर ये अवैध झुग्गियां बनाई गई थीं।

अधिकारियों का कहना है कि सरस्वती कुंज कॉलोनी को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा और निर्माणाधीन अवैध मकानों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा।

भूमाफियाओं की भी जांच शुरू

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इन अवैध झुग्गियों के जरिए कुछ भूमाफिया लोगों से दो से ढाई हजार रुपये प्रति माह किराया वसूल रहे थे। अब ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

डीटीपीई अमित मधोलिया ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

अपराधी का अवैध मकान भी टूटा
इसी बीच गुरुग्राम पुलिस ने गांव बादशाहपुर में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधी इंद्रजीत के अवैध दो मंजिला मकान को जमींदोज कर दिया। करीब 150 वर्ग गज में बने इस मकान पर बुलडोजर चलाया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर अवैध वसूली और एक्सप्लोसिव एक्ट समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई अपराध शाखा मानेसर और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि अपराधियों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और गुरुग्राम को अपराध मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

More From Author

“दुकानें बंद नहीं करेंगे…” 20 मई की हड़ताल पर गुरुग्राम के केमिस्टों का बड़ा ऐलान

गुरुग्राम में डिप्टी मेयर चुनाव पर सस्पेंस खत्म? 21 मई को होगा बड़ा फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *