“दुकानें बंद नहीं करेंगे…” 20 मई की हड़ताल पर गुरुग्राम के केमिस्टों का बड़ा ऐलान

गुरुग्राम। 20 मई को देशभर में प्रस्तावित केमिस्ट हड़ताल को लेकर गुरुग्राम में बड़ा विवाद सामने आ गया है। गुरुग्राम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (GCDA) ने हड़ताल से साफ तौर पर दूरी बना ली है। एसोसिएशन ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि मरीजों और आम लोगों को परेशान करने वाली किसी भी हड़ताल का समर्थन नहीं किया जाएगा।

GCDA ने ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के बंद के फैसले पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और होम डिलीवरी के मुद्दे पर हड़ताल करना समाधान नहीं है।

“ऑनलाइन दवा सप्लाई के खिलाफ पहले से लड़ रहे”
GCDA ने दावा किया कि वह साल 2014 से अवैध ऑनलाइन दवा सप्लाई के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। एसोसिएशन के मुताबिक, कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई भी हुई है और नकली दवाओं के मामलों में कमी आई है।

सवाल उठाया गया कि अगर ऑनलाइन दवा सप्लाई रोकनी है, तो सप्लाई चेन पर रोक क्यों नहीं लगाई जा रही। केवल मेडिकल स्टोर बंद करने से हालात नहीं बदलेंगे।

“हड़ताल हुई तो ऑनलाइन कंपनियों को होगा फायदा”
एसोसिएशन ने कहा कि मई-जून की गर्मी में बीमारियां तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे समय में मेडिकल स्टोर बंद होने पर मरीजों को दिक्कत होगी और लोग मजबूरी में ऑनलाइन दवा मंगाने लगेंगे।

GCDA ने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऑफलाइन केमिस्ट दुकानें बंद रहेंगी, तो इसका सीधा फायदा ऑनलाइन कंपनियों को मिलेगा।

होम डिलीवरी पर भी बड़ा बयान
GSR 220(E) नियम का जिक्र करते हुए कहा गया कि दवाओं की होम डिलीवरी केवल लाइसेंसधारी केमिस्ट दुकानदारों तक सीमित रहनी चाहिए। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कुछ संगठन रिटेलर और होलसेलर के डेटा सिस्टम को लेकर भी सवालों में घिरे हुए हैं।

“ये हड़ताल तकनीकी नहीं, राजनीतिक ज्यादा लगती है”
GCDA ने अपने बयान में कहा कि मौजूदा हड़ताल तकनीकी मुद्दों से ज्यादा राजनीतिक मंशा से प्रेरित दिखाई देती है। एसोसिएशन ने यह भी दावा किया कि IMA, प्राइवेट अस्पतालों, फार्मासिस्ट और MR संगठनों का भी इस बंद को समर्थन नहीं मिला है।

गुरुग्राम में मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले
GCDA ने साफ कर दिया है कि गुरुग्राम में उससे जुड़े मेडिकल स्टोर 20 मई को खुले रहेंगे और मरीजों को दवाएं मिलती रहेंगी। एसोसिएशन ने कहा कि जनता की सुविधा को देखते हुए हड़ताल में शामिल नहीं होने का फैसला लिया गया है।

More From Author

गुरुग्राम के इस व्यस्त रूट पर होने वाला है बड़ा बदलाव! लाखों लोगों को मिल सकती है राहत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *