गुरुग्राम में डिप्टी मेयर चुनाव पर सस्पेंस खत्म? 21 मई को होगा बड़ा फैसला

गुड़गांव नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद को लेकर चल रही अंदरूनी सियासत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। लंबे समय से टल रहे चुनावों के बीच भाजपा हाईकमान ने अब सीधे हस्तक्षेप करने का फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री B. L. Santhosh 21 मई को गुरुग्राम पहुंचकर नेताओं और पार्षदों के साथ अहम बैठक करेंगे।

माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद दोनों पदों के उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो जाएंगे और पार्टी के भीतर चल रही खींचतान पर विराम लग सकता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव 22 मई को कराए जा सकते हैं।

गुरुकमल में होगी बड़ी बैठक
सूत्रों के अनुसार भाजपा की यह अहम बैठक 21 मई को शाम पांच बजे गुरुकमल में आयोजित होगी। बैठक में हरियाणा भाजपा संगठन मंत्री फर्निंद्र नाथ शर्मा, गुरुग्राम के चारों विधायक, सांसद, निगम पार्षद और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

भाजपा के भीतर इन दोनों पदों को लेकर कई नेताओं के बीच जोरदार लॉबिंग चल रही है। अलग-अलग गुट अपने समर्थित उम्मीदवारों को पद दिलाने के लिए सक्रिय हैं। हालांकि नगर निगम सदन में भाजपा के बहुमत को देखते हुए दोनों पदों पर पार्टी की जीत तय मानी जा रही है।

दो बार टल चुके हैं चुनाव

सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव पहले भी दो बार टाले जा चुके हैं। 30 अप्रैल को चुनाव के लिए सभी पार्षद HIPA पहुंच चुके थे और मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन अंतिम समय में मेयर राजरानी मल्होत्रा की तबीयत खराब होने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था।

इससे पहले भी एक बार चुनाव बैठक की घोषणा के बाद उसे रद्द करना पड़ा था। लगातार हो रही देरी के पीछे भाजपा नेताओं और पार्षदों के बीच आपसी खींचतान को मुख्य वजह माना जा रहा है।

हाईकमान की एंट्री से बदले समीकरण
अब भाजपा हाईकमान की सीधी एंट्री के बाद गुरुग्राम की सियासत और गर्म हो गई है। माना जा रहा है कि केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद ही उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीएल संतोष की बैठक के बाद पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी काफी हद तक शांत हो सकती है और चुनाव प्रक्रिया का रास्ता साफ हो जाएगा।

More From Author

गुरुग्राम में फिर गरजा बुलडोजर, सरस्वती कुंज की 670 झुग्गियां मलबे में तब्दील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *