गुरुग्राम के पॉश इलाके डीएलएफ फेस के पास देर रात सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। इफ्को चौक के पास शराब ठेके के बाहर एक युवक ने युवती के साथ जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

भीड़ और ट्रैफिक के बीच हुई मारपीट
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भारी भीड़ और ट्रैफिक के बीच युवक युवती को लगातार थप्पड़ मार रहा है और उसके बाल खींच रहा है। युवती कई बार लड़खड़ाती नजर आती है, लेकिन वह लगातार युवक का विरोध करती रहती है।
युवती ने भी किया पलटवार
मारपीट के दौरान युवती ने भी खुद का बचाव करते हुए युवक की टी-शर्ट खींचकर उतार दी। दोनों के बीच काफी देर तक हाथापाई और गाली-गलौज चलती रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लोग देखते रहे, किसी ने नहीं रोका झगड़ा
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग केवल तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी आगे बढ़कर झगड़ा शांत कराने की कोशिश नहीं की। कुछ लोग दूर से आवाज लगाते रहे, जबकि कई लोग वीडियो बनाते नजर आए।
वीडियो वायरल, पुलिस पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने हरियाणा पुलिस और गुरुग्राम प्रशासन को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
अब तक नहीं दर्ज हुई शिकायत
फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने वीडियो को संबंधित थाना पुलिस को भेज दिया है।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था।
गुरुग्राम में सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
पॉश इलाके में इस तरह की घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
