गुरुग्राम में नए सेक्टर और शहरी विकास परियोजनाओं को लेकर हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार की ‘ई-भूमि’ पहल के तहत अब सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र के किसान व जमीन मालिक 30 जून तक पोर्टल पर अपनी रुचि दर्ज करा सकते हैं। इस योजना के तहत जमीन मालिकों की सहमति से शहरी, व्यावसायिक और संस्थागत विकास के लिए जमीन खरीदी जाएगी।

20 साल बाद नए सेक्टर विकसित करने की तैयारी
Haryana Shehri Vikas Pradhikaran (एचएसवीपी) गुरुग्राम में नए सेक्टर विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। खास बात यह है कि गुरुग्राम में पिछले करीब 20 वर्षों से कोई नया सेक्टर विकसित नहीं किया गया है।
अब शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी को देखते हुए विभिन्न विकास गलियारों की पहचान की गई है, जहां चरणबद्ध तरीके से नई परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।
ई-भूमि पोर्टल से होगी पारदर्शी जमीन खरीद
एचएसवीपी अधिकारियों के मुताबिक, ई-भूमि योजना का उद्देश्य जमीन खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। इससे जमीन मालिकों को सीधे भुगतान मिलेगा और कागजी कार्रवाई में होने वाली देरी खत्म होगी।
पोर्टल पर जमीन खरीद का अनुमान, उपलब्ध भूमि का ब्योरा और संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक किसान और जमीन मालिक 30 जून से पहले जरूरी दस्तावेजों के साथ अपनी सहमति दर्ज करा सकते हैं।
गुरुग्राम में इन विकास गलियारों पर फोकस
एचएसवीपी ने भविष्य के विस्तार के लिए कई बड़े क्षेत्रों की पहचान की है, जिनमें शामिल हैं:
- दक्षिणी पेरिफेरल रोड क्षेत्र (सेक्टर-76 से 80)
- द्वारका एक्सप्रेसवे बेल्ट (सेक्टर-99ए से 104)
- नया गुरुग्राम (सेक्टर-82ए से 86)
- पटौदी-फर्रुखनगर क्षेत्र (सेक्टर-88ए, 89ए, 95ए और 95बी)
इन क्षेत्रों के विकास के लिए करीब 24 हजार एकड़ जमीन की जरूरत बताई गई है।
दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी
योजना के दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए पोर्टल 30 जून तक खुला रहेगा।
संपदा अधिकारी Dr. Anupama Malik ने बताया कि संबंधित गांवों के किसान और जमीन मालिक ई-भूमि पोर्टल पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इन क्षेत्रों के लोग करा सकते हैं आवेदन
सोहना ब्लॉक
खाईका, बलूदा, सोहना, रामपुर, जाखूवास, रायसीका, बारोटा, खानपुर, बेरका, धुनैला और रायसीना गांव।
यहां करीब 5,035.15 एकड़ जमीन खरीदी जानी है।
ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र
यहां लगभग 133.39 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी।
पटौदी ब्लॉक
जटौली, धावन, पटौदी, मुबारिकपुर, जनौला, नरहेड़ा और रामपुर गांव।
इस क्षेत्र में करीब 1,694.39 एकड़ जमीन खरीदने की योजना है।
बढ़ती आबादी और इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतों को देखते हुए योजना
अधिकारियों का कहना है कि गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती आवासीय मांग, नई इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और भविष्य की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह विस्तार योजना तैयार की गई है। आने वाले वर्षों में इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर विकास कार्य किए जाएंगे।
