गुरुग्राम हिट एंड रन के मामलें में एक नया अपडेट आया है। एसआईटी से जुड़े सूत्रों से पता चला है कि हिट एंड रन के मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला और उसके दोस्तों द्वारा क्लब में पार्टी करने और शराब पीने की बात सामने आई है। अब पुलिस इस एंगल से जांच में जुट गई है कि आखिर क्या मामला है। दरअसल सिया ने दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी की भी मांग की है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

SIT ने दी जानकारी
SIT ने बताया कि हादसे से पहले आरोपी कल्याण बैंसला, उसका चचेरा भाई लवनीश और उनके दो दोस्त रातभर पार्टी कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान शराब भी पी गई थी। इसके बाद रविवार को महिला बाइक सवार सिया के साथ हिट एंड रन की घटना हुई। शराब पीने की बात की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कल्याण के ब्लड और यूरिन सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट अभी आना बाकी है। ऐसे में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच में स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
क्या हुआ था हिट एंड रन में
रविवार को कल्याण बैंसला सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के पास सिया के संपर्क में आया था। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद कल्याण ने सिया की बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। वह करीब दो किलोमीटर तक तेज रफ्तार में बाइक का पीछा करता रहा और फिर उसने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर मारने का वीडियो सिया की सुपरबाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था। हादसे के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस ने कल्याण और लवनीश को राजस्थान से गिरफ्तार किया अभी दोनों फिलहाल जेल में हैं।
टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद कल्याण ने पेशाब करने के बहाने घटनार्कम से भागने की कोशिश की थी। इस दौरान वह गिरकर घायल हो गया था और उसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
सिया ने दो अन्य युवकों की भी गिरफ्तारी की मांग की
घटना के समय कार में मौजूद दो अन्य युवकों को भी गुरुग्राम पुलिस ने नोटिस जारी किया है। SIT उनके बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर फैसला लिया जाएगा। वहीं, सिया ने दोनों अन्य युवकों की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि अगर इस मामले में सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी।
