गुरुग्राम के रेवाड़ी रोड पर कई दिनों से लावारिस हालत में खड़ी एक बुलेरो गाड़ी से संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब वहां से गुजर रहे लोगों को गाड़ी पर शक हुआ और उन्होंने अंदर झांककर देखा। कार की सीट पर एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा हुआ था।

राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी का दरवाजा खोलकर जांच की। अंदर मौजूद व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
कई दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी बुलेरो
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुलेरो गाड़ी कई दिनों से रेवाड़ी रोड किनारे खड़ी हुई थी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य रूप से लिया, लेकिन लंबे समय तक वाहन एक ही स्थान पर खड़ा रहने से शक पैदा हुआ। जब लोगों ने नजदीक जाकर गाड़ी के अंदर देखा तो सीट पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।
जींद के नरवाना का रहने वाला था मृतक
पुलिस जांच में मृतक की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो हरियाणा के जींद जिले के नरवाना का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करता था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि संजय गाड़ी के अंदर सो गया होगा और वाहन पूरी तरह बंद होने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ा जा सके।
फिलहाल सेक्टर-10 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-93 चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
