नितिन नबीन गुरुग्राम पहुंचे… युवाओं को दिया ऐसा संदेश, जानिए क्या बोले BJP अध्यक्ष

गुरुग्राम: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार को गुरुग्राम पहुंचे। द्वारका एक्सप्रेसवे के बजघेड़ा टोल प्लाजा पर पहुंचते ही जिला भाजपा की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। विधायक मुकेश शर्मा ने उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

नितिन नबीन इसके बाद भोराकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर पहुंचे, जहां ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के समाज सेवा प्रभाग की ओर से आयोजित ‘रक्तदान महा अभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

रक्तदान को लेकर युवाओं से क्या बोले नितिन नबीन?

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि रक्तदान सिर्फ किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे व्यक्ति को आत्म-संतुष्टि भी मिलती है। उन्होंने खास तौर पर युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत का भविष्य है और युवाओं को समाज सेवा से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के साथ नशामुक्ति का संकल्प लेने की भी अपील की।

नितिन नबीन ने कहा कि आज युवाओं को नशे से दूर रखना बड़ी जिम्मेदारी है। अगर युवा शक्ति रक्तदान जैसे सामाजिक अभियानों के साथ नशामुक्ति के अभियान से भी जुड़ेगी, तो इसका समाज पर बड़ा सकारात्मक असर पड़ेगा।

दुनिया में बढ़ रही योग की पहचान

नितिन नबीन ने भारत की प्राचीन योग परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि योग अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। आज पूरी दुनिया में योग को अपनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की योग पद्धति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और योग अब एक वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।

उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों की भी सराहना की। नितिन नबीन ने कहा कि ज्ञान और सकारात्मक सोच व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों में भी शांत रहने और जीवन में सही दिशा चुनने की ताकत देती है।

21 से 25 अगस्त तक चलेगा रक्तदान अभियान

पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की स्मृति में यह रक्तदान महाअभियान 21 से 25 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि अभियान सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि नेपाल में भी आयोजित होगा।

संस्थान के अनुसार, वर्ष 2025 में आयोजित अभियान के दौरान 88,500 यूनिट रक्त एकत्र किया गया था। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

गीत और नाटक के जरिए दिया रक्तदान का संदेश

कार्यक्रम को सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं रखा गया। लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के लिए बीके चांद ने अभियान का थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया।

इसके अलावा कलाकारों ने रक्तदान के महत्व पर आधारित नाटक का मंचन किया। नाटक के जरिए लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जिंदगी की उम्मीद बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली समाज सेवा प्रभाग की क्षेत्रीय संयोजिका राजयोगिनी बीके आशा ने उपस्थित लोगों को राजयोग का अभ्यास कराया। वहीं मुंबई से आए बीके ई.वी. गिरीश ने अभियान की पूरी रूपरेखा सामने रखी।

माउंट आबू से आए राजयोगी बीके अवतार ने स्वागत भाषण दिया। इसके अलावा राजयोगिनी दिव्या प्रभा दीदी, ‘ब्लड मैन ऑफ बिहार’ मुकेश हिसारिया, डॉ. मेघा और डॉ. प्रमोद कुमार ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।

भाजपा के कई नेता भी रहे मौजूद

नितिन नबीन के गुरुग्राम दौरे के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

More From Author

पॉश इलाके में लड़कियों का हाईवोल्टेज ड्रामा, आखिर किस बात पर हुई भिड़ंत?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *