Gurugram के पॉश इलाके ब्रिस्टल चौक पर देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक और युवती ने सरेआम सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। दोनों ने एक-दूसरे के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट तक उतर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

वायरल वीडियो से खुला पूरा मामला
यह घटना 20 अप्रैल की बताई जा रही है। राहगीरों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें युवक-युवती सड़क किनारे लड़ते और चिल्लाते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही पुलिस की सोशल मीडिया टीम ने तुरंत लोकेशन ट्रेस की।
शराब के नशे में बिगड़ा मामला
जांच में सामने आया कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना के समय दोनों ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। नशे में पुरानी बात को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही मिनटों में सड़क पर तमाशे में बदल गई।
कौन हैं आरोपी?
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवती की पहचान रिया कुमारी (मूल निवासी पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है, जो वजीराबाद में किराए पर रहती है। वहीं युवक रोहित कुमार (मूल निवासी झुंझुनू, राजस्थान) चकरपुर इलाके में रह रहा था।
देर रात पुलिस ने दबोचा
डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज किया और तकनीकी निगरानी के साथ मुखबिरों की मदद से दोनों को देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। साथ ही उन्हें भविष्य में सार्वजनिक मर्यादा बनाए रखने की चेतावनी दी गई है।
पुलिस ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
