गुरुग्राम के मानेसर स्थित IMT चौक फ्लाईओवर पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सड़क पर लापरवाही से खड़े कंटेनर की वजह से हुआ, जिस पर कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगा था।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शंकर बिंद (ट्रक चालक), सुनील कुमार (हेल्पर, निवासी बलिया, यूपी) और रामराज प्रसाद के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
शिकायतकर्ता दुर्गा प्रसाद ने बताया कि वह अपने भाई शंकर बिंद के साथ भिवाड़ी से दिल्ली की ओर जा रहे थे। दोनों अलग-अलग ट्रकों में थे और शंकर का ट्रक आगे चल रहा था।
रात करीब 2 बजे जब वे IMT चौक फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी आगे चल रही एक गाड़ी ने अचानक लेन बदल ली। इस अचानक बदलाव के कारण शंकर बिंद का ट्रक असंतुलित हो गया और सीधे सड़क पर खड़े कंटेनर से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज कि मौके पर ही मौत
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के केबिन में फंसे तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
क्रेन की मदद से निकाले गए शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्रेन और एम्बुलेंस की सहायता से शवों को बाहर निकाला गया और सेक्टर-10 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
कंटेनर चालक पर केस दर्ज
पुलिस ने लापरवाही से वाहन खड़ा करने के आरोप में कंटेनर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है।
