HSVP का अवैध कब्जों पर बड़ा एक्शन, सेक्टर-82, 45 और 47 में जमीन खाली कराई

गुरुग्राम में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण यानी HSVP ने बड़ा अभियान चलाया। गुरुवार को विभाग की टीमों ने अलग-अलग सेक्टरों में कार्रवाई करते हुए करीब 4 एकड़ जमीन कब्जा मुक्त कराई।

सेक्टर-82 में सड़क निर्माण की अड़चन हटाई
HSVP की एन्फोर्समेंट टीम ने सेक्टर-82 के गांव सिकंदरपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 2 एकड़ जमीन खाली कराई। यह जमीन सड़क निर्माण के लिए जरूरी थी, लेकिन यहां अवैध निर्माणों के कारण काम रुका हुआ था।

मौके पर टीम ने पीले पंजे की मदद से:

  • एक मंदिर
  • पांच टीन शेड कमरे
  • झुग्गी-झोपड़ियां

हटा दीं।

पहले दी गई थी चेतावनी

HSVP के सर्वे SDO अजमेर सिंह ने बताया कि कार्रवाई से दो दिन पहले मुनादी कराई गई थी। कब्जाधारियों को खुद कब्जा हटाने का मौका दिया गया था, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की।

उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

GMDA बनाएगा सड़क
JE आनंद प्रकाश के अनुसार, इस जमीन पर GMDA की ओर से सड़क निर्माण किया जाना है। अवैध कब्जों के चलते निर्माण कार्य अटका हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है और इसका मुआवजा गांव सिकंदरपुर पंचायत को दिया जा चुका है।

सेक्टर-45 में भी चला बुलडोजर
HSVP एस्टेट ऑफिस-2 की सर्वे टीम ने सेक्टर-45 में भी बड़ी कार्रवाई की। यहां करीब 2 एकड़ विभागीय जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।

इस जमीन के एक हिस्से पर स्कूल साइट प्रस्तावित है, जबकि बाकी जमीन की आगे प्लानिंग की जाएगी। इसके अलावा एक रेजिडेंशियल प्लॉट से भी अवैध कब्जा हटाया गया। यह जमीन कन्हई गांव के रकबे में आती है।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

सेक्टर-47 में भी हटाए कब्जे
HSVP की दूसरी टीम ने सेक्टर-47 में भी अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। यहां एकिया कंपनी के पास लगती विभागीय जमीन से कब्जा हटवाया गया।

इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट आकाशदीप मौके पर मौजूद रहे।

अधिकारियों की मौजूदगी
कार्रवाई के दौरान HSVP और GMDA के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। इनमें SDO अमित वशिष्ठ, JE मोईन खान, JE गौरव यादव, JE विकास सैनी, अमनदीप सिंह, रामपाल आर्य, गुरदीप पटवारी, दयानंद प्रधान, सतपाल हंस, वीरेंद्र, बलविंदर और धर्मेंद्र शर्मा शामिल रहे।

More From Author

NH-48 पर तेज रफ्तार वाहन ने युवक को कुचला, इलाज के दौरान मौत

IMT मानेसर फ्लाईओवर पर खड़े कंटेनर से टकराया ट्रक, 3 की मौके पर मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *