नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने शहर में पेयजल के दुरुपयोग को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को सेक्टर-45 और आसपास के इलाकों में चलाए गए विशेष निरीक्षण के दौरान चार लोगों पर कार्रवाई की गई।

यह अभियान अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें टीम ने कई स्थानों पर औचक निरीक्षण किया।
कार वॉश में पीने का पानी इस्तेमाल, तुरंत कनेक्शन काटा
निरीक्षण के दौरान सेक्टर-40 स्थित प्लॉट नंबर 1528 पर एक कार सेल/परचेज आउटलेट में पीने के पानी से गाड़ियों की धुलाई की जा रही थी। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए निगम टीम ने मौके पर ही पानी का कनेक्शन काट दिया और 2000 रुपये का जुर्माना लगाया।

निर्माण कार्यों में भी पेयजल का इस्तेमाल
टीम को भवन निर्माण स्थलों पर भी पेयजल के उपयोग के मामले मिले। ऐसे तीन उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 2000 रुपये का चालान किया गया।
निगमायुक्त की चेतावनी
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में पेयजल की बर्बादी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम की धारा 181 के तहत नियम तोड़ने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे और जुर्माना लगाया जाएगा।
नागरिकों से अपील
MCG ने लोगों से अपील की है कि वे पेयजल का जिम्मेदारी से उपयोग करें और अनावश्यक खर्च से बचें, ताकि शहर में जल संकट की स्थिति न बने।
