गुरुग्राम में बड़ा साइबर फ्रॉड बेनकाब, जोमैटो के नाम पर चल रहा था खेल

गुरुग्राम साइबर पुलिस ने ऑनलाइन टिकट फ्रॉड करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जोमैटो के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को नकली कॉन्सर्ट टिकट बेचने का आरोप है।

थाना साइबर अपराध दक्षिण पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय प्रियांशु कुशवाह को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तराखंड के उधम सिंह नगर स्थित इंद्रा कॉलोनी का रहने वाला है। उसे 11 मई को गुरुग्राम से पकड़ा गया।

जोमैटो के नाम पर बनाई फर्जी वेबसाइट
मामले की शुरुआत तब हुई जब Zomato ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि साइबर ठगों ने जोमैटो के नाम से फर्जी वेबसाइट और ईमेल आईडी बनाकर लोगों के साथ ठगी की।

आरोपियों ने https://zomato-live.com जैसी नकली वेबसाइट तैयार की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए लोगों को कॉन्सर्ट टिकट खरीदने के लिए गुमराह किया।

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के नाम पर ठगी
जांच में सामने आया कि ठग Diljit Dosanjh के ‘दिल-लुमिनाटी’ इंडिया टूर के नाम पर फर्जी टिकट बेच रहे थे। जबकि कॉन्सर्ट टिकट बेचने का आधिकारिक अधिकार केवल जोमैटो के पास था।

साइबर ठगों ने लोगों को सस्ते और जल्दी टिकट दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन पेमेंट करवाई और फिर गायब हो गए।

5 हजार रुपए में बनाई थी वेबसाइट
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी प्रियांशु ने अन्य आरोपी नितिन के कहने पर फर्जी वेबसाइट डिजाइन की थी। इसके बदले उसे 5 हजार रुपये दिए गए थे।

प्रियांशु ने साल 2024 में गाजियाबाद से बीसीए की पढ़ाई पूरी की थी और फिलहाल देहरादून में फ्रीलांसर के तौर पर वेबसाइट डिजाइनिंग का काम कर रहा था।

पहले ही पकड़े जा चुके हैं दो आरोपी
इस मामले में पुलिस पहले ही नितिन और विष्णु नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद साइबर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और इस फ्रॉड से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

More From Author

MCG की राजनीति में बढ़ी हलचल, डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट

पटौदी से चंडीगढ़ के लिए नई बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *