NH-48 पर सफर करने से पहले पढ़ लें ये खबर, नहीं तो घंटों फंस सकते हैं जाम में

गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-48) पर सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। मानेसर बस स्टैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नए फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। यह निर्माण कार्य अगले कई महीनों तक जारी रहने की संभावना है, जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।

निर्माण कार्य के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने सर्विस लेन तैयार कर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए हैं।

जयपुर से दिल्ली आने वाले भारी वाहनों के लिए नया रूट


ट्रैफिक पुलिस के अनुसार जयपुर की ओर से दिल्ली और आईएमटी मानेसर जाने वाले भारी वाहनों को अब सीधे NH-48 से नहीं गुजरने दिया जाएगा। इन वाहनों को पचगांव के पास बाईं ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन केएमपी एक्सप्रेसवे का उपयोग करते हुए पटौदी रोड पहुंचेंगे और टीसीआई फ्लाईओवर तथा सेक्टर-8 के रास्ते आईएमटी मानेसर में प्रवेश कर सकेंगे।

सामान्य और हल्के वाहनों के लिए सर्विस रोड से आवाजाही

जयपुर से दिल्ली आने वाले सामान्य और हल्के वाहनों को मुख्य हाईवे के बजाय मानेसर के भीष्म मंदिर के सामने बनाई गई नई सर्विस रोड से होकर गुजरना होगा। प्रशासन का मानना है कि इससे निर्माण स्थल के आसपास ट्रैफिक दबाव कम रहेगा।

द्वारका एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए भी बदला रास्ता

द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर की तरफ आने वाले वाहन चालकों को NH-48 पर चढ़ने के बजाय एलान मॉल के पास से टर्न लेने की सलाह दी गई है। यहां से वाहन सीधे आईएमटी मानेसर की ओर जा सकेंगे और संभावित जाम से बच पाएंगे।

चौबीस घंटे सड़क पर तैनात रहेगी पुलिस

ट्रैफिक विभाग ने साफ किया है कि निर्माण कार्य के दौरान जाम की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ट्रैफिक पुलिसकर्मी 24 घंटे रूट डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेंगे।

रोजाना आने-जाने वालों के लिए जरूरी सलाह

दैनिक यात्रियों से अपील की गई है कि वे मानेसर रूट पर यात्रा करते समय अतिरिक्त समय लेकर निकलें। साथ ही लेन अनुशासन का पालन करें और वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें।

ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता विकास कुमार ने कहा कि लोगों की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। वाहन चालक असुविधा से बचने के लिए पुलिस द्वारा बताए गए डायवर्टेड रूट का उपयोग करें।

यह बदलाव अगले कई महीनों तक जारी रह सकते हैं, ऐसे में मानेसर और NH-48 रूट का इस्तेमाल करने वाले लोगों को यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक कर लेना चाहिए।

More From Author

गुरुग्राम में पानी हुआ महंगा, नगर निगम ने लागू की नई जल शुल्क दरें

गुरुग्राम में होने जा रहा बड़ा बदलाव! अब इन गांवों की जमीन पर शुरू हुई बड़ी तैयारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *