गुरुग्राम के फर्रुखनगर कस्बे में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पूजा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कैथल की रहने वाली थी। वह पिछले करीब 15-16 वर्षों से अपने पति नायब और परिवार के साथ फर्रुखनगर में रह रही थी। नायब क्षेत्र में ईंट सप्लाई का काम करता है। दंपती का एक करीब 10 वर्षीय बेटा भी है।
मामूली कहासुनी के बाद हुआ खूनी हमला
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि नायब ने कथित रूप से हथौड़े से पूजा के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण पूजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चरित्र पर शक को लेकर था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
