गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के व्यस्त अंबेडकर चौक (सेक्टर-45, 46, 51 और 52 चौक) पर जल्द ही फ्लाईओवर बनाया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया है। फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

GMDA अधिकारियों के अनुसार यह फ्लाईओवर आरडी सिटी चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ बनाया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 900 मीटर होगी और इसमें दोनों तरफ दो-दो लेन बनाई जाएंगी। परियोजना को अगले दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फ्लाईओवर के नीचे बनेंगी सर्विस रोड
30 मीटर चौड़ी सड़क पर बनने वाले इस फ्लाईओवर के नीचे दोनों तरफ करीब 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी तैयार की जाएगी। इससे स्थानीय ट्रैफिक और आसपास की सोसाइटियों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी आसानी होगी।
GMDA द्वारा जारी किए गए टेंडर को 29 मई को खोला जाएगा, जिसके बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।
हर दिन लगता है भारी जाम
अंबेडकर चौक गुरुग्राम के सबसे व्यस्त चौराहों में गिना जाता है। सुबह ऑफिस टाइम और शाम को लौटने के दौरान यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार लोगों को इस चौक को पार करने में 10 से 15 मिनट तक का समय लग जाता है।
स्थानीय निवासी प्रदीप यादव का कहना है कि फ्लाईओवर बनने के बाद इस इलाके में ट्रैफिक काफी हद तक कम हो जाएगा। उनका कहना है कि ट्रैफिक सिग्नल होने के बावजूद पीक ऑवर में हालात बेहद खराब हो जाते हैं।
जेड चौक पर भी बनेगा अंडरपास
GMDA शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए एक और बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित जेड चौक पर अंडरपास बनाया जाएगा।
यह अंडरपास इफको चौक से आरडी सिटी की तरफ तीन-तीन लेन का होगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने इसके डिजाइन को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक अगले महीने इसका टेंडर जारी किया जाएगा।
GMDA अधिकारी ने क्या कहा
GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने बताया कि अंबेडकर चौक पर बनने वाला फ्लाईओवर ट्रैफिक दबाव को कम करने में काफी मदद करेगा। उन्होंने कहा कि जेड चौक अंडरपास परियोजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है और जल्द ही उसका टेंडर जारी होगा।
