गुरुग्राम में 16 KM सड़क पर चला बुलडोजर! 14 JCB ने हटाए 350 अवैध कब्जे

साइबर सिटी में अतिक्रमण के खिलाफ गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) का अभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। इस दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब 16 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

GMDA की 12 टीमों ने 36 अधिकारियों-कर्मचारियों और 14 JCB मशीनों के साथ कई इलाकों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 200 स्थायी और 150 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। यानी दूसरे दिन करीब 350 कब्जों पर कार्रवाई की गई।

यह अभियान GMDA के CEO पीसी मीणा के निर्देश पर चलाया जा रहा है। कार्रवाई का मुख्य फोकस सड़कों, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक Right of Way (ROW) पर किए गए अतिक्रमण को हटाना रहा।

पुराने गुरुग्राम की सड़कों पर सबसे बड़ा एक्शन


अभियान के तहत पुराने गुरुग्राम के कई प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इनमें चर्च गेट से रेलवे स्टेशन तक ओल्ड रेलवे रोड, धनवापुर रोड, सेक्टर-4/9 और सेक्टर-5/6 की डिवाइडिंग रोड समेत कई सड़कें शामिल रहीं।

इसके अलावा सेक्टर 81, 82, 82ए, 85, 86, 89, 90 और 93 के अलग-अलग हिस्सों में भी टीमों ने कार्रवाई की। जहां सड़क और फुटपाथ की जगह कब्जे के कारण कम हो गई थी, वहां JCB की मदद से अवैध निर्माण और अस्थायी ढांचे हटाकर रास्ता दोबारा खुलवाया गया।

कहीं 15 फीट तो कहीं 20 फीट सड़क हुई खाली

कार्रवाई के दौरान कई जगह सड़क की चौड़ाई में बड़ा अंतर देखने को मिला। ओल्ड रेलवे रोड और धनवापुर रोड पर करीब 15-15 फीट सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। वहीं सेक्टर-4/7 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 20 फीट सड़क क्षेत्र खाली कराया गया।

इससे इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध हुई है।

कमरे, चारदीवारी और पक्के शेड तक तोड़े

GMDA की टीमों ने सिर्फ अस्थायी कब्जों पर ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि सड़क और फुटपाथ की चौड़ाई कम करने वाले स्थायी निर्माण भी हटाए। अभियान में स्थायी कमरे, चारदीवारी, पक्के शेड, खोखे, कियोस्क, निर्माण सामग्री और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए गए। इसके अलावा करीब 15 संपत्तियों में ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध विस्तार को भी हटाया गया।

20 प्रतिशत लोगों ने खुद हटाया अतिक्रमण

अभियान के दौरान कई जगह प्रशासन को JCB चलाने की जरूरत भी नहीं पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक, टीमों ने पहले लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समझाया। इसके बाद चिन्हित उल्लंघनों में करीब 20 प्रतिशत अतिक्रमण लोगों ने खुद हटा लिया। इससे कई स्थानों पर कार्रवाई बिना तोड़फोड़ के ही पूरी हो गई।

टीमों को लोगों ने चाय-लस्सी भी दी

अभियान के दौरान कुछ जगहों पर कार्रवाई कर रही टीमों के प्रति स्थानीय लोगों का अलग रवैया भी देखने को मिला। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर लोगों ने अभियान में जुटी टीमों को चाय और लस्सी तक उपलब्ध कराई।
हालांकि जहां अतिक्रमण नहीं हटाया गया, वहां टीमों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध ढांचे हटाए।

आरएस बाठ के नेतृत्व में चला अभियान


अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई DTP Enforcement आरएस बाठ के नेतृत्व में की गई। अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ अभियान चलाया।

GMDA का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ अवैध कब्जे हटाना नहीं है, बल्कि सड़क, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक ROW को आम लोगों के लिए दोबारा उपलब्ध कराना भी है।

अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है। ऐसे में शहर के दूसरे हिस्सों में सड़क और सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने वालों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

More From Author

15 अगस्त से पहले गुरुग्राम में बड़ा Traffic Plan, इन 4 दिनों भारी वाहनों पर रोक

गुरुग्राम में कूड़ा उठाने वाली एजेंसी पर क्यों पड़ा 12 लाख का जुर्माना? जांच में खुली बड़ी पोल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *