गुरुग्राम में टायर चोर गिरोह का आतंक, पॉश सोसायटियों में एक ही रात में तीन कारों के पहिए चोरी

गुरुग्राम के पॉश सेक्टरों और हाई-राइज सोसायटियों में इन दिनों टायर चोर गिरोह का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीती रात सेक्टर-93 और सेक्टर-90 में चोरों ने बड़ी सफाई से तीन लग्जरी कारों को निशाना बनाया और उनके टायर समेत महंगे अलॉय व्हील चोरी कर फरार हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से रेजिडेंट्स में दहशत और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है।

सेक्टर-93 में दो गाड़ियों को बनाया निशाना

पहली बड़ी वारदात सेक्टर-93 में सामने आई, जहां चोरों ने एक ‘टाटा पंच’ और एक एसयूवी कार के चारों टायर और अलॉय व्हील चोरी कर लिए। बदमाश इतने शातिर थे कि उन्होंने गाड़ियों को ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया और कुछ ही मिनटों में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

सुबह जब वाहन मालिक अपनी कारों के पास पहुंचे तो गाड़ियों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। दोनों कारें बिना टायरों के ईंटों पर खड़ी मिलीं।

सेक्टर-90 की सोसायटी के बाहर भी चोरी

इसी रात सेक्टर-90 स्थित New Town Heights सोसायटी के बाहर खड़ी एक ‘ब्रिजा’ कार को भी चोरों ने निशाना बनाया। कार मालिक अनुज गुप्ता ने बताया कि रात के समय उनकी गाड़ी सुरक्षित खड़ी थी, लेकिन सुबह देखा तो उसके टायर गायब थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एक अन्य कार के भी टायर चोरी होने की सूचना मिली है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने न्यू गुरुग्राम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रेजिडेंट्स में गुस्सा, पुलिस पर उठे सवाल

घटनाओं के बाद रेजिडेंट्स में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता Lokesh Yadav ने पुलिस प्रशासन की नाइट पेट्रोलिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यू गुरुग्राम में रात की गश्त केवल कागजों तक सीमित रह गई है।

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की नियमित गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से पूरी गाड़ी के टायर और अलॉय व्हील चोरी करने की हिम्मत नहीं करते।

घर के बाहर खड़ी कारें भी सुरक्षित नहीं

रेजिडेंट्स का कहना है कि करोड़ों रुपये की हाई-राइज सोसायटियों में रहने के बावजूद अब घर के बाहर खड़ी कारें भी सुरक्षित नहीं हैं। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और सक्रिय गिरोह को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

पहले भी सक्रिय रहा है टायर चोर गिरोह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुग्राम में टायर और अलॉय व्हील चोरी करने वाला गिरोह पहले भी कई इलाकों में वारदातों को अंजाम दे चुका है। चोरी किए गए महंगे अलॉय व्हील्स को बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। रेजिडेंट्स ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

More From Author

सोहना में गर्ल्स स्कूल के बाहर संदिग्ध युवक पर पुलिस की कार्रवाई, मॉडिफाइड बाइक जब्त

गुरुग्राम: कासन गांव में सुंदर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *