गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में गर्ल्स स्कूल के बाहर संदिग्ध तरीके से घूम रहे एक युवक पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। स्कूल की छुट्टी के समय संदिग्ध गतिविधियां करते पाए गए युवक की मॉडिफाइड बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया। साथ ही युवक पर 21 हजार 500 रुपए का चालान भी किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और युवक के पास वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे।
स्कूल के बाहर बार-बार लगा रहा था चक्कर
जानकारी के अनुसार, स्कूल छुट्टी के समय पुलिस चौकी प्रभारी राजवीर अपनी टीम के साथ स्कूल के आसपास निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक स्प्लेंडर बाइक पर गर्ल्स स्कूल के सामने बार-बार चक्कर लगाता दिखाई दिया।

युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे तुरंत रोककर पूछताछ शुरू की।
जांच में सामने आई कई अनियमितताएं
पुलिस जांच में पता चला कि बाइक पूरी तरह से मॉडिफाई की गई थी। वाहन के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसके अलावा युवक वाहन के कोई वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका।
पूछताछ के दौरान युवक की पहचान धोज निवासी मुबीन के रूप में हुई।
₹21,500 का चालान, बाइक इंपाउंड
हरियाणा पुलिस के चौकी इंचार्ज राजवीर ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और बिना दस्तावेज वाहन चलाने के कारण बाइक को इंपाउंड किया गया है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत युवक पर 21 हजार 500 रुपए का चालान भी किया गया है।
स्कूलों के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने साफ किया कि यातायात नियम तोड़ने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
