गुरुग्राम | हरियाणा रोडवेज की लंबी दूरी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब हाईवे पर चलने वाली रोडवेज बसें निजी ढाबों और होटलों पर नहीं रुकेंगी। परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए विभाग को कड़े निर्देश जारी किए हैं। नियम तोड़ने वाले चालक और परिचालकों पर सीधे कार्रवाई होगी।

परिवहन विभाग के नए आदेश के अनुसार, अब लंबी दूरी की सभी रोडवेज बसों को केवल हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकृत स्टॉप पर ही रोका जाएगा। अगर कोई बस निजी होटल या ढाबे पर खड़ी मिली, तो संबंधित कर्मचारियों को निलंबन या चार्जशीट जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
गुरुग्राम डिपो की बसों पर सबसे ज्यादा असर
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम रोडवेज डिपो पर पड़ने वाला है। गुरुग्राम से चंडीगढ़, जयपुर, आगरा, हरिद्वार और दूसरे राज्यों के लिए चलने वाली ज्यादातर बसें रास्ते में निजी ढाबों पर रुकती रही हैं।
यात्रियों की शिकायत रही है कि कई बार बसों को ऐसे ढाबों पर रोका जाता है, जहां खाने-पीने का सामान बेहद महंगा और गुणवत्ता में खराब होता है। मजबूरी में यात्रियों को वहीं खाना पड़ता है।
मुफ्त खाने के बदले ढाबों पर रुकती थीं बसें!
सूत्रों के मुताबिक कई ढाबा संचालक बस ड्राइवर और परिचालकों को मुफ्त खाना और दूसरी सुविधाएं देते थे। इसके बदले बसों को उनके ढाबों पर रोका जाता था। यही वजह थी कि लंबे समय से इस सिस्टम को लेकर सवाल उठ रहे थे।
अब परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस पूरे खेल पर सख्ती दिखाई है। उन्होंने साफ कहा है कि यात्रियों की सुविधा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
औचक निरीक्षण करेगा विभाग
परिवहन विभाग ने सभी डिपो महाप्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे कर्मचारियों को तुरंत नए नियमों की जानकारी दें। साथ ही बसों की निगरानी और औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे।
अगर किसी भी रूट पर बस निजी ढाबे पर खड़ी मिली, तो संबंधित चालक और परिचालक के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी।
गुरुग्राम रोडवेज डिपो की महाप्रबंधक गायत्री ने कहा कि मुख्यालय से लिखित आदेश मिलते ही कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।
