गुरुग्राम के सेक्टर-10 में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब पैसों के लेन-देन को लेकर हुई एक बैठक खूनी झड़प में बदल गई। एलपाइन स्कूल के पास दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गईं। फायरिंग में एक युवक घायल हो गया, जबकि मौके पर खड़ी दो गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद कथित तौर पर सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े 11.5 लाख रुपये के हिसाब-किताब को लेकर था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष देर रात पैसे के लेन-देन को लेकर बातचीत करने के लिए सेक्टर-10 में इकट्ठा हुए थे। लेकिन बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
फायरिंग की इस घटना में गाडौली निवासी 29 वर्षीय सिकंदर घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है। सिकंदर डीपीजी कॉलेज में क्रिकेट कोच के तौर पर कार्यरत है और बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त आशीष के साथ मौके पर मौजूद था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बैठक खत्म होते ही शुरू हुआ हंगामा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार बैठक खत्म होने के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद के दौरान हथियार निकल आए। देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
कुछ घंटों में दो आरोपी दबोचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले आरोपी विकास और उसके साथी अर्जुन साहू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार विकास पानीपत के समलखा का रहने वाला है, जबकि अर्जुन साहू गुरुग्राम के भीमगढ़ खेड़ी का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन और आशीष के बीच 11.5 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह पूरी वारदात हुई।
पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद सिर्फ पैसों के लेन-देन तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा सट्टा नेटवर्क भी सक्रिय है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
